रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में वैवाहिक कार्यक्रम से कक्षा सात के छात्र को ले जाकर गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने विवेचना पूरी कर चार लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा निवासी मुस्तकीम खेती किसानी करते हैं। फरवरी माह में गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए उनका बेटा शोएब (15) परिजनों के साथ गया था। शोएब कक्षा सात का छात्र था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे तक वह कार्यक्रम में चल रहे डीजे के पास मौजूद था।
अगले दिन ग्रामीणों ने गांव स्थित एक तालाब में उसका शव उतराता देखा था। इसके बाद तहरीर के आधार पर तस्लीम, अजीम, अलीम और शमीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शहजादनगर थाना पुलिस ने मामले की विवेचना कर साक्ष्य एकत्र किए। थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि विवेचना पूरी होने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।