स्वार के विधायक अब्दुल्ला आजम ने सीबीएसई बोर्ड 10वीं का सर्टिफिकेट लगाने के बजाय नगर निगम लखनऊ का जन्म प्रमाण पत्र लगाकर विधायक का चुनाव लड़ा। ऐसे में उम्र 24 साल से बढ़ाकर 25 साल से ऊपर दिखाई गई। नगर निगम के जन्म प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए पूर्व मंत्री नवेद मियां ने एफआईआर दर्ज कराने को एसपी और डीएम को तहरीर दी है। तहरीर पर प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर इसकी जांच की जा रही है।
स्वार से विधायक चुने गए अब्दुल्ला आजम के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट दायर करने वाले उनके प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने एसपी को तहरीर देकर अब्दुल्ला आजम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हाईस्कूल के सर्टिफिकेट में अब्दुल्ला की उम्र 25 साल से कम है। जो जन्म प्रमाण पत्र नगर निगम लखनऊ का चुनावी दस्तावेजों में लगाया गया है उसमें उम्र 25 साल से ज्यादा है। शैक्षिक प्रमाण पत्रों में दी गई उम्र ही वैधानिक मानी जाती है। लिहाजा निर्वाचन में दाखिल किए गए प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है।
चुनाव के दौरान भी नवेद मियां ने अब्दुल्ला के नामांकन पत्र पर आपत्ति की थी, इसके बाद नगर निगम लखनऊ का जन्म प्रमाण पत्र लगाया गया था। उस दौरान भी उम्र को लेकर विवाद रहा था। अब अब्दुल्ला चुनाव जीत गए हैं तो नवेद ने इसको लेकर हाईकोर्ट में रिट भी दायर कर रखी है। इस संबंध में जिलाधिकारी को भी एक प्रति दी गई है। जिलाधिकारी ने एसडीएम स्वार को जांच करने को कहा है। वहीं एसपी ने सीओ स्वार को तहरीर पर जांच करने के आदेश दिए हैं। एसपी का कहना है कि यह निर्वाचन का मामला है, इसमें आयोग पहले ही फैसला कर चुका है।