जौहर अली रोड पर आंबेडकर पार्क के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास एक वैन में अचानक आग लग गई। वैन को आग की चपेट में देखकर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। क्योंकि पेट्रोल पंप के पास आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। संयोग से दिल्ली फायर ब्रिगेड के कुछ सदस्य हाईवे से गुजर रहे थे और उन्होंने आग बुझाने की कमान संभाल ली और आग को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद रामपुर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शाहबाद गेट निवासी फईम का छोटा भाई दोपहर में डीएम आवास के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आया। वैन में पेट्रोल डलवाने के बाद वह कुछ दिन ही आगे बढ़ा तो उसमें आग लग गई। वैन में आग लगते ही वह उससे उतर गया।
वैन को आग की चपेट में देखकर पेट्रोल पंप के कर्मियों ने शोर मचाना शुरु कर दिया। इस दौरान दिल्ली फायर स्टेशन पर तैनात राजेंद्र शुक्ला अपनी टीम के साथ नैनीताल से दिल्ली जा रहे थे। आंबेडकर पार्क के सामने वैन में आग लगी देखकर टीम मौके पर रुक गई। इसके बाद पेट्रोल पंप से आग बुझाने के उपकरण लेकर आग को नियंत्रित किया।