रामपुर। जिला सहकारी बैंक की मिलक शाखा में एक कैशियर को ग्राहक के आठ हजार रुपये हड़पने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जांच में कैशियर मुनव्वर हसन पर लगे आरोप सही पाए गए।
एक ग्रामीण ग्राहक अपने खाते में आठ हजार रुपये जमा कराने बैंक पहुंचा था। आरोप है कि कैशियर ने रकम ले ली, लेकिन उसे खाते में दर्ज नहीं किया। ग्रामीण को इसकी जानकारी तब हुई जब वह दो दिन बाद पैसे निकालने गया। खाते में रकम न मिलने पर उसने बैंक अधिकारियों से शिकायत की। जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल एक जांच टीम गठित की। जांच में सभी आरोप सही पाए गए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कराई गई थी। जांच में कैशियर द्वारा धनराशि खाते में जमा न करने का तथ्य सामने आया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर मुनव्वर हसन को निलंबित किया गया है। मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।