विधानसभा चुनाव को लेकर बनाए गए उड़नदस्ता व निगरानी दल की संयुक्त टीम ने मंगलवार दोपहर शाहबाद बिलारी मार्ग पर चेकिंग के दौरान हरियाणा के अंडा व्यापारी से 6.57 लाख की नगदी जब्त कर ली। अंडा व्यापारी यह नगदी इलाहाबाद से लेकर आ रहा था। नगदी में ज्यादातर छोटे नोटों को प्रशासन ने जब्त करके कोषागार में रखवा दिया है।
विधान सभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासन की टीम बिलारी मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस इस दौरान उन्होंने इलाहबाद से आ रहे एक अंडा व्यापारी का ट्रक रोक कर तलाशी ली तो ट्रक ड्राइवर भीम के पास से 6 लाख 56 हजार 860 रुपये की नगदी बरामद हुई। भीम ने अपने लिए हरियाणा के करनाल जिला क्षेत्र के पदाना निवासी बताया। निगरानी टीम के प्रभारी सत्यपाल सिंह व ज्ञानेंद्र चैाहान के पूछताछ करने पर भीम ने बताया कि वह अंडों का व्यापार करता है और अंडा विक्री का कैश लेकर वह इलाहाबाद से आ रहा है। लेकिन टीम ने अंडा व्यापारी से अपने कागजात दिखाने को कहा तो वह अंडा व्यापार से संबंधित कोई भी कागज नहीं दिखा सका। तब उन्होंने एसडीएम को मामले की जानकारी दी।
उपजिलाधिकारी बी प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर नकदी को जब्त कराके रामपुर ट्रेजरी में जमा करने के लिए टीम को भेज दिया। प्रशासन की सघन चेकिंग से कारोबारियों में भी खलबली मची हुई है। एसडीएम बी प्रसाद ने बताया कि सख्ती के साथ चेकिंग की जा रही है। जब्त रकम को ट्रेजरी में रखवा दिया है।