मिलक। युवती को जबरन कार में डालकर ले जाने और विरोध करने पर उसके माता-पिता के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मिलक क्षेत्र के ग्राम पुरैनिया कलां निवासी युवक ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे उनकी पत्नी और पुत्री जंगल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव का सचिन सफेद रंग की मारुति कार लेकर पहुंचा।
आरोप है कि कार से सचिन, उसका भाई रवि और दो अज्ञात व्यक्ति उतरे तथा उनकी पुत्री को जबरन कार में डालकर ले गए। विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी को धक्का देकर गिरा दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी के साथ आरोपियों के घर पहुंचे और पुत्री को वापस करने की बात कही। आरोप है कि वहां मौजूद मेघराज, रमेश, भूरी, रामबहादुर, कौशलेन्द्र और रूपकिशोर समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया और पुलिस में शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं होने की धमकी दी।
सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सचिन, रवि, मेघराज, भूरी, कौशलेन्द्र और रूपकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।