स्वार (रामपुर)। गांव अहमदनगर निवासी महिला ने जिला पंचायत सदस्य इम्तियाज उर्फ चिंटू समेत सात लोगों पर 17 एकड़ कृषि भूमि हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एडीजी के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना मिलकखानम अंतर्गत अहमदनगर गांव निवासी शबाना ने बताया कि उक्त कृषि भूमि पहले उनके मामा हाजी अकबर अली और मामी जैनब के नाम थी, लेकिन 16 जनवरी 2004 को इसी जमीन को लेकर उनके भांजों ने मामा-मामी की हत्या कर दी थी। उनके निधन के बाद यह जमीन उसके यानि शबाना के नाम दर्ज हुई।
शिकायत के अनुसार, 2023 में चमरौआ गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य इम्तियाज हुसैन ने शबाना को बहला-फुसलाकर और धमकाकर जमीन अपने चालक फईम अली निवासी ग्राम चमरौआ, इल्यास निवासी ग्राम अहमदनगर, मोहम्मद यामीन, महफूज अली निवासी ग्राम तालबपुर, मोहम्मद सिराज ग्राम अहमदनगर और मोहम्मद याकूब निवासी ग्राम महुनागर के नाम बैनामा करा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि बैनामों में जिन चेक और आरटीजीएस का उल्लेख किया गया, उनकी कोई राशि उसे प्राप्त नहीं हुई। जब उसने कुछ चेक खाते में लगाए तो वे धनाभाव के कारण बाउंस हो गए। इसके बावजूद आरोपियों ने तहसील स्वार से दाखिल खारिज करा लिया। पीड़िता यह भी आरोप है कि 28 जून 2025 को इल्यास अहमद ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने इस मामले में कार्रवाई के लिए कोतवाली स्वार पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर एडीजी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
एडीजी के निर्देश पर स्वार पुलिस ने सोमवार को इम्तियाज हुसैन उर्फ चिंटू समेत सात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी और धारा 506 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।