टांडा। खेत पर बैलगाड़ी लेकर जा रहे युवक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में कोतवाली टांडा पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला मरघटी निवासी मुंशीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो अगस्त की सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका भाई विनोद बैलगाड़ी लेकर खेत पर जा रहा था। आरोप है कि ग्राम बादली निवासी जसपाल, रमेश, मदन और बाबू समेत पांच लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मुंशीलाल मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। पीड़ित ने घटना का वीडियो होने की बात भी पुलिस को बताई है।
परिजनों ने घायल विनोद को जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।