टांडा। कोतवाली क्षेत्र में कार सवार युवकों को किसी का पता पूछना महंगा पड़ गया। पता बताने वालों ने कार सवारों को एक मकान में बंधक बना लिया और उनसे लूटपाट की। विरोध पर पिटाई भी की गई। किसी तरह कार सवार छूटकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया साथ ही लूटा गया माल भी बरामद कर लिया।
मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दादुपुर निवासी रितिक यादव अपने साथियों परवीन और दीपक के साथ शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सेठू का मझरा क्षेत्र में एक मिस्त्री को पैसे देने कार से पहुंचे थे। उन्होंने एक मकान के पास किसी का पता पूछा,जिस पर फईम नामक व्यक्ति ने उन्हें बहाने से एक मकान में बुला लिया, जहां आरोप है कि उन्हें बंद कर लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि फईम, भूरी, सानिया, अकरम और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और तमंचे के बल पर एक सोने की चेन, कान के कुंडल और करीब 25 हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता भी की गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त लोग क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। सूचना के बाद एक्टिव हुई पुलिस ने इस मामले में सेढ़ूवाला मजरा गांव निवासी फईम तमंचा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया सीओ कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को पकड़ा गया है।