धमोरा। शहजादनगर थाना क्षेत्र में जीरो प्वाइंट फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार लखनऊ से मिलक होते हुए शहजादनगर की ओर आ रही कार शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जीरो प्वाइंट फ्लाईओवर पर तेज मोड़ लेते समय अनियंत्रित हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद पलट गई।
हादसे में कार चालक उदयवीर सिंह (32), निवासी अलीगंज सेक्टर-2, लखनऊ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार उर्वशी, निवासी लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही शहजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के लिए थाना अलीगंज, लखनऊ को अवगत करा दिया गया है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।