रामपुर। जिले में आज प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के तीसरे चरण का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रामपुर पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया था। दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण शहर के होटलों में कमरे मिलना मुश्किल हो गया। कई अभ्यर्थियों को होटल में जगह नहीं मिलने के चलते रेलवे स्टेशन पर ही रात गुजारनी पड़ी। स्टेशन परिसर में फर्श पर बैठे और लेटे परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारी और सुबह होने का इंतजार करते नजर आए।
परीक्षा को लेकर शहर में अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ गई है। देर रात तक रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर परीक्षार्थियों का पहुंचना जारी रहा। वहीं, परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज विभाग ने भी अपनी तैयारियां की हैं। रोडवेज की ओर से 30 बसों को रिजर्व किया गया है, ताकि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सके। परीक्षा को लेकर प्रशासन और परिवहन निगम की तैयारियों के बीच अभ्यर्थियों की भीड़ से शहर में चहल-पहल बढ़ गई है। दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले ठहरने की समस्या का सामना करना पड़ा।