रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चुनाव प्रचार करने के लिए प्रत्याशियों ने रोचक तरीका अपनाया है। तमाम प्रत्याशियों ने अपने चुनाव चिह्न के जरिए ही प्रचार शुरू कर दिया। कोई ट्रैक्टर, तो कोई क्रेन से मतदाताओं के बीच पहुंच रहा है। इसी तरह चश्मा, आरी, कुल्हाड़ी जैसे सामानों के जरिए भी चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव के तहत रामपुर में 15 अप्रैल को मतदान होगा। मतदाता अपने वोट के जरिए जिला पंचायत सदस्य चुनेंगे। ऐसे में अब प्रत्याशियों के पास चुनाव के लिए काफी कम समय बचा है। लिहाजा, प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में मतदाताओं को पम्फलेट के जरिए अपना चुनाव निशान बता रहे हैं, ताकि उन्हें अधिक से अधिक वोट हासिल हो सकें। वहीं, कुछ प्रत्याशियों ने अपने चुनाव प्रचार अनूठा तरीका निकाला है। खासकर, ऐसे प्रत्याशी, जिन्हें क्रेन, ट्रैक्टर, आरी, कुल्हाड़ी, छाता, छड़ी, चश्मा जैसे चुनाव निशान मिले हैं। हर वार्ड में कोई न कोई ऐसा प्रत्याशी मिल जाएगा, जो खुद को मिले चुनाव निशान के जरिए प्रचार कर रहा होगा। शाहबाद, सदर और मिलक क्षेत्र में तो प्रत्याशी क्रेन तक लेकर प्रचार कर रहे हैं, तो कोई चश्मा और छड़ी दिखाकर वोट मांग रहा है। प्रत्याशी ऐसा इसलिए कर रहे हैं, ताकि मतदाता उनके चुनाव निशान को याद रखें और उनके वोट दें, जिससे वे अधिक से अधिक मतों से जीत हासिल कर सकें।