नये साल में बिना सेट टॉप बाक्स के आपका टेलीविजन डिब्बा बन जाएगा। इसलिए 31 दिसंबर तक सेट टॉप बाक्स लगवा लें। हालांकि ये काम अभी बेहद सुस्त गति से चल रहा है। अभी तक सिर्फ तीन हजार सेट टॉप बाक्स ही लगाए गए हैं।
प्रशासन और केबल आपरेटरों ने साफ किया है कि 31 दिसंबर के बाद बिना सेट टॉप बाक्स के कोई भी चैनल नहीं देखा जा सकेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से केबल का डिजीटाइजेशन कराए जाने की कवायद की जा रही है। तीसरे चरण में रामपुर में भी डिजीटाइजेशन हो जाएगा।
यानि 31 दिसंबर के बाद बिना सेट टॉप बाक्स के लोग केबल टीवी नहीं देख पाएंगे। सेट टॉप बाक्स लगवाने के निर्देश काफी समय पहले मंत्रालय की ओर से जारी किए जा चुके हैं। शहर में दो कंपनियों के सेट टॉप बाक्स लगाए जा रहे हैं। डेन कंपनी के स्थानीय वितरक एवं केबल आपरेटर कमाल रिजवी के मुताबिक शहर में करीब 17 हजार उपभोक्ता हैं।
अभी तक करीब तीन हजार सेट टॉप बाक्स लगाए गए हैं। सेट टॉप बाक्स को अनिवार्य रूप से लगाए जाने को लेकर नोडल अधिकारी बनाए एडीएम एमपी सिंह की अध्यक्षता में केबल आपरेटरों की मीटिंग हुई। इसमें लोगों से 31 दिसंबर तक सेट टॉप बाक्स लगाए जाने पर जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी के साथ ही मनोरंजन कर मनोरंजन कर निरीक्षक हनुमान प्रसाद, केबिल आपरेटर मौजूद रहे। सेट टॉप बाक्स की कीमतों को लेकर केबल आपरेटर मनमानी कर रहे हैं, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही हैं। सेट टॉप बाक्स की कीमत को कंपनियों ने अपने हिसाब से तय किया है।
इसके बाद आपरेटर और वितरक भी मनमानी कर रहे हैं। हालांकि डेन सेट टॉप बाक्स के स्थानीय वितरक कमाल रिजवी का कहना है कि कोई भी आपरेटर मनमानी नहीं करेगा। इसके लिए भी शासन की ओर से निर्देश हैं।