रामपुर। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) को दूसरी टाउनशिप बसाने के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। नैनीताल रोड पर पहाड़ी और भमरौआ गांव के पास 264.26 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाली इस आवासीय योजना पर कुल 8.88 अरब रुपये खर्च होंगे।
रामपुर विकास प्राधिकरण की पहली टाउनशिप बसाने का काम लगभग पूरा हो गया है। रेरा की अनुमति के बाद यहां काम शुरू हो जाएगा। दूसरी ओर अब आरडीए दूसरी टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। शहरी आवास योजना के तहत आरडीए की दूसरी टाउनशिप भी मौजूदा नैनीताल रोड पर ही बसाई जाएगी। पहाड़ी और भमरौवा गांव के पास 264.26 एकड़ जमीन पर यह टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके लिए शुक्रवार को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इसे बसाने में 8.88 अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है।
डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण पर लगभग 334 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। शासन इस योजना के लिए शीट कैपिटल के रूप में भू-अधिग्रहण की आधी धनराशि अर्थात् 167 करोड़ रुपया प्राधिकरण को देगा, जिसकी प्रथम किस्त शीघ्र ही जारी होगी।
यह रहेंगी सुविधाएं
आवासीय योजना में एक मिनी स्टेडियम, अस्पताल, विद्यालय स्थापित होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी के साथ-साथ एक पुलिस चौकी भी प्रस्तावित की गई है।
जमीन की खरीद भमरौआ के 185 निजी गाटे व 46 सरकारी गाटे चिह्नित किए गए हैं। जमीन खरीद का काम जल्द ही शुरू होगा। आवासीय योजना में लगभग 2500 से 3000 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
एक नजर आरडीए की कॉलोनी
- ग्राम पहाड़ी एवं भमरौआ में लगभग 264.26 एकड़ पर विकसित होगी दूसरी परियोजना
-8.88 अरब रुपये पूरी परियोजना पर होंगे खर्च
-भूमि क्रय किए जाने हेतु कुल 3.34 अरब रुपये रखे गए हैं।
-विकास कार्यों हेतु लगभग 555 करोड़ व्यय होना अनुमानित है।
-
-आरडीए की दूसरी परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही इस योजना के शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इस परियोजना पर 8.88 अरब रुपये का खर्चा आएगा।
-जोगिंदर सिंह, डीएम एवं आरडीए उपाध्यक्ष