बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर नयागांव जीरो प्वाइंट के पास शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे एक कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में कार सवार कारोबारी की मौत हो गई जबकि एयरबैग खुलने से उनकी पत्नी और चालक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के गांव सैनार निवासी प्रमोद सिंह कनवाल (35) पुरानी दिल्ली में रहकर कारोबार करते थे। वह शनिवार सुबह किराये की टैक्सी से हल्द्वानी स्थित बुआ के घर शोक जताने जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी नंदनी सिंह कनवाल भी थीं।
कार चालक विजय मिश्रा निवासी प्रधान एंक्लेव भुराड़ी, थाना बुराड़ी, दिल्ली था। पुलिस के अनुसार, नयागांव जीरो प्वाइंट के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे अनियंत्रित कार हाईवे पर जा रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई।
हादसे में एयरबैग खुलने से चालक और नंदनी सुरक्षित बच गए, जबकि प्रमोद का सिर सीट से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।