रामपुर। होली पर घर जाने वालों को बसों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए परिवहन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। दिल्ली, हल्द्वानी और बरेली रुट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे रोडवेज को अतिरिक्त आय होगी, साथ ही चालक और परिचालक को भी तीन सौ रुपये प्रतिदिन की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे ही लोगों का घरों की ओर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिले के बहुत से लोग दिल्ली, लखनऊ, पंजाब, हरियाणा में काम करते हैं। ऐसे भी लोग हैं जो कि दूसरे जिलों से आकर यहां पर सेवाएं दे रहे हैं। ये सभी लोग त्योहारों पर अपने घरों को आते-जाते हैं। इस बार होली का त्योहार 17 मार्च को और 18 मार्च को रंग खेला जाएगा। इसको देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। त्योहार पर अपने घर आने जाने वालों के लिए रोडवेज की ओर से दिल्ली, बरेली और हल्द्वानी रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं, होली पर बसों का संचालन करने पर चालकों और साथ में चलने वाले परिचालकों को तीन सौ रुपये की बोनस राशि का भुगतान भी किया जाएगा।