फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: कलक्ट्रेट में दबंगई, पार्किंग कर्मियों को कार से कुचलने की कोशिश

Sat, 21 Dec 2024 01:55 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। कलक्ट्रेट में कार चालक की जमकर दबंगई देखने को मिली। वह यहां पार्किंग ठेका कर्मियों से उलझा था, उन्हें धमका रहा था। बात इतनी अधिक बढ़ गई कि गुस्से में आए चालक ने पार्किंग ठेका कर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। गनीमत रही कि पार्किंग ठेका कर्मियों ने बचाव कर लिया। इसके बाद कार चालक गाली-गलौज करता हुआ भाग गया। काफी देर तक अफरातफरी मची रही। घटना के बाद वाहन पार्किंग के संचालक ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन

हैरत की बात ये है कि कलक्ट्रेट में घटे घटनाक्रम की जानकारी जिला प्रशासन को नहीं है। ये घटना बुधवार की बताई जा रही है। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ने कह दिया कि उन्हें घटना मालूम ही नहीं है। वैसे कलक्ट्रेट परिसर में निजी वाहनों की पार्किंग के लिए स्टैंड है। लेकिन, काफी वाहन कलक्ट्रेट से लेकर कचहरी परिसर तक इधर-उधर बेतरतीब ढंग से ही खड़े रहते हैं। कभी-कभी परिसर में जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। रोक के बाद भी वाहनों की पार्किंग ठीक से नहीं हो पा रही है। पार्किंग को लेकर ही बुधवार को एक बार फिर विवाद हो गया। दोपहर के वक्त तेज रफ्तार ब्रेजा कार गेट पर आकर रुकी। जिस पर पार्किंग के कर्मचारियों ने चालक से कार को नीयत स्थल पर खड़ी करने को कहा। इसी दौरान ठेका कर्मियों और कार चालक के बीच विवाद होने लगा। बात बढ़ने पर चालक ने अचानक ही कार को आगे बढ़ा दिया।
ठेकेदार भूकन लाल सैनी के मुताबिक कार सवार ने कर्मचारियों पर कार को चढ़ाने की कोशिश की। पार्किंग ठेका कर्मियों ने अपना बचाव किया और इसी दौरान चालक उन्हें गालियां देते हुए कार समेत मौके से भाग गया। ठेकेदार ने इस मामले में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। ठेकेदार का आरोप है कि उक्त कार चालक पहले भी कर्मचारियों को धमकाता रहा है।
विज्ञापन

ठेकेदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट अज्ञात कार चालक के खिलाफ दर्ज कर ली है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि कलक्ट्रेट के पार्किंग ठेका कर्मियों ने संबंधित कार का नंबर यूके-18-जी-7575 बताया है।
कार चालक जाते-जाते भी दे गया धमकी

सिविल लाइन में गंगापुर आवास विकास निवासी वाहन पार्किंग ठेकेदार भूकनलाल सैनी ने बताया कि वह पिछले कई वर्ष से कलक्ट्रेट परिसर में वाहन पार्किंग ठेका चला रहे हैं। इसमें उनके साथ अन्य छह कर्मचारी भी काम करते हैं। अज्ञात कार चालक 18 दिसंबर की शाम करीब चार बजे कलक्ट्रेट आया था। वह कलक्ट्रेट गेट पर कर्मियों से गाली-गलौज कर उन्हें धमका रहा था। इस पर उन्होंने भी चालक को गाली देने से मना किया तो वह गुस्से में आकर कुचलने को कार को तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया था। खैर, अनहोनी नहीं हुई। जाते-जाते कार चालक यह भी कह गया कि वह फिर आएगा और रोककर दिखाना।

कलक्ट्रेट में वाहन पार्किंग ठेका कर्मियों के साथ हुई घटना के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। इस मामले की जानकारी के लिए वाहन पार्किंग ठेका कर्मियों को बुलाकर पूछते हैं। निजी वाहन कोई भी हो, उसे कलक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में ही खड़े करने के आदेश हैं। यदि कलक्ट्रेट में वाहन पार्किंग ठेका कर्मियों के साथ कोई मामला हुआ है तो हम कार्रवाई करेंगे। - संदीप वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें