स्वार (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नानकार रानी गांव निवासी महिला और उसके देवर को डिजीटल अरेस्ट कर उनसे खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर डेढ़ लाख रुपये ठगी कर ली।
कथित पुलिस अधिकारी ने सऊदी में रह रहे युवक को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि उसके भाई जुल्फेकार अली को रेप केस में गिरफ्तार कर लिया गया है, यदि मामला निपटाना हो तो बताए गए एकाउंट में डेढ़ लाख की रकम ट्रांसफर कर दें। कॉल से भयभीत युवक ने अपने भाई और भाभी को बताया तो उन्होंने डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता रुखसार ने अज्ञात ठग के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
घटनाक्रम के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नानकार रानी निवासी नावेद अली वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत है। उसके व्हाट्सएप पर छह अगस्त 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की और उसने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके भाई जुल्फेकार अली को रेप केस में गिरफ्तार किया गया है। उसने यह भी कहा कि अगर मामला निपटाना है तो डेढ़ लाख रुपये तुरंत भेजने होंगे।
कथित पुलिस अधिकारी ने बैंक का खाता भी भेजा। बताते हैं कि घबराए नावेद अली ने भारत में अपने भाई खालिद अली और जुल्फेकार की पत्नी रुखसार को यह बात बताई और पैसे जमा करने को कहा। पीड़िता रुखसार और भाई खालिद अली ने अपने-अपने खातों से क्रमश: 75,000-75,000, कुल डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब रुखसार के पति जुल्फिकार अली से संपर्क हुआ तो उन्होंने बताया कि वे सुरक्षित है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह सुनकर परिवार को ठगी का पता चला। रुखसार ने कोतवाली स्वार में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर ठगे गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर गहन जांच शुरु कर दी गई है।