मिलक। नगर के मोहल्ला असदुल्लापुर निवासी सीताराम गुप्ता ने कोतवाली में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि वह नगर स्थित मंडी समिति में आढ़ती है। अपनी फर्म के माध्यम से धान और अन्य अनाजों का क्रय विक्रय करते हैं।
वर्ष 2022 में उन्होंने दो ट्रक धान हरियाणा के शहर बहादुरगढ़ झज्जर स्थित ओमेक्स सिटी सेक्टर 15 निवासी केशव मित्तल, हरियाणा के करनाल स्थित पुरानी मंडी निवासी वीरभान जैन, हरियाणा के करनाल स्थित निस्सिंग के ग्राम वरास निवासी विजेंद्र सिंह राणा उर्फ भूरा और ममतेश कुमार राणा उर्फ नाथूराम को बेचा था।
बेचे गए धान की कीमत बीस लाख आठ सौ 66 रुपये में से चारों ने मात्र बारह लाख रुपये का भुगतान उनको दिया था। शेष भुगतान करने की समय सीमा निकल जाने के बाद भी उन्हें रुपये नहीं दिए। उन्हें जानकारी मिली कि यह लोग करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं और उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। जिन किसानों से धान खरीद कर उन्होंने आरोपियों को बेचा था। वह किसान पेमेंट के लिए लगातार उनके पास आते हैं और पैसे के लिए दबाव बना रहे हैं। जिससे वह आर्थिक और मानसिक तौर पर परेशान हो चुके हैं।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर बकाया भुगतान कराने की मांग की। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।