बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के मुंडिया खुर्द गांव में बृहस्पतिवार रात टेंपो चालक की गर्भवती पत्नी रजनी (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
मायके पक्ष ने पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज में बाइक और रुपये की मांग को लेकर हत्या कर शव को छत के कुंडे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जिला मुरादाबाद के थाना मूंडापांडे क्षेत्र के मानपुर पट्टी गांव निवासी विनोद ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी बहन रजनी की शादी 25 मई को मुंडिया खुर्द की गदईया कॉलोनी निवासी लोकेश के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली बाइक और नकदी की मांग को लेकर रजनी को प्रताड़ित कर रहे थे। रजनी ने 15 दिन पहले फोन पर बताया था कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जा रही है और फांसी लगाकर मारने की धमकी दी जा रही है।
बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे रजनी के ममेरे भाई से सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली है। जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो रजनी का शव चारपाई पर पड़ा था, जबकि उन्हें बताया गया था कि उसने फंदा लगाया है। इस पर मायके पक्ष ने हत्या का शक जताया।
सूचना पर सीओ पीपी सिंह और कोतवाली प्रभारी जीत सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर के आधार पर पति लोकेश, सास कलावती उर्फ कमलावती, जेठ विकास और जेठानी आरती को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0000
चार माह की गर्भवती थी रजनी
मायके वालों ने बताया कि मृतका करीब चार माह की गर्भवती थी। यह जानकारी सामने आने के बाद परिवार में और कोहराम मच गया। परिजन रजनी को बेहद सीधा बता रहे थे।
0000
पहली पत्नी की मौत के बाद हुई थी रजनी से दूसरी शादी
मायके पक्ष के मुताबिक, टेंपो चालक लोकेश की पहली शादी चार साल पहले रेखा नाम की युवती से हुई थी। रुद्रपुर के एक अस्पताल में प्रसव के दौरान रेखा की मौत हो गई थी। इसके बाद लोकेश की दूसरी शादी रजनी से हुई थी।
0000
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घर में मृतका की मां कृष्णा देवी, पिता वीरपाल और भाभी काजल का रो-रोकर बुरा हाल था। उधर, ससुराल में सास कमला देवी महिलाओं के बीच बैठी थीं और उनका भी रो-रोकर बुरा हाल था।