खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया प्रशासन, फार्म-8 भरवाकर कराया गया संशोधन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। एसआईआर की कच्ची मतदाता सूची में नाम की गड़बड़ी पर खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। बीएलओ ने मोहल्ला सादात पूर्वी निवासी राहिल अली के घर पहुंचकर स्वयं नाम संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाया।
अमर उजाला के 15 जनवरी के अंक में खबर प्रकाशित की गई थी। इसमें कच्ची मतदाता सूची में मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति का नाम रोहित मियां दर्ज होने का मामला सामने आया था, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था। यह गड़बड़ी बीएलओ की लापरवाही के कारण हुई थी।
राहिल अली ने बताया कि रोहित मियां नाम उनका नहीं है। उन्होंने पहले भी कई बार नाम संशोधन कराने का प्रयास किया, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। जबकि उनके सभी दस्तावेज सही थे और उन्हीं के आधार पर वोटर कार्ड बनवाया गया था। सिस्टम में हुई गलती का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा था।
राहिल अली के अनुसार, शुक्रवार को बीएलओ स्वयं उनके घर पहुंचे और नाम संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाया गया। उन्होंने बताया कि खबर के प्रकाशन के बाद ही यह कार्रवाई संभव हो सकी।