हार्ट अटैक की बात चिकित्सकों ने बताई गलत, एसडीएम ने कहा होगा जवाब तलब
बिलासपुर। नगर के बूथ संख्या 87 के बीएलओ बहोरन लाल की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। एसडीएम अरुण कुमार ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकों से हुई बातचीत में हार्ट अटैक की बात गलत पाई गई है। इस मामले में संबंधित बीएलओ को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा।
नगर के मोहल्ला बाजार कलां की सिंह कॉलोनी निवासी बहोरन लाल माध्यमिक विद्यालय रतनपुरा में शिक्षक हैं। सोमवार को उनके पुत्र रामेंद्र कुमार ने एक वीडियो वायरल कर आरोप लगाया था कि एसआईआर का कार्य करते समय तनाव के चलते उनके पिता को हार्ट अटैक आया और तहसील प्रशासन ने बीएलओ की ड्यूटी नहीं काटी।
एसडीएम अरुण कुमार ने मंगलवार को बताया कि चिकित्सकों ने हार्ट अटैक जैसी किसी भी स्थिति से साफ इन्कार किया है। मामले की जांच के बाद बीएलओ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लिया जाएगा। संवाद