मिलक। भाजपा विधायक राजबाला ने एसडीएम के साथ पूर्ति निरीक्षक, सीएचसी, नगर पालिका, मंडी समिति, ब्लाक और अनाज गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी के केंद्र अधीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, गोदाम प्रभारी, कार्यवाहक बीडीओ समेत के अधिकारी-कर्मचारी नदारद मिले। विधायक ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के लिए कई जगह हथौड़ा चलवाकर खुदाई कराई। सफाई उपकरण, राशन गोदाम का उठान, महिला शौचालय के निर्माण, पंचायत घर के निर्माण की जांच कराने को एसडीएम के निर्देश दिए। विधायक ने विकास कार्यों पर खर्च धनराशि एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शासन से जांच की बात कही। ऐसा न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
मिलक विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक राजबाला सोमवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे तहसील परिसर पहुंचीं। जहां से उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सागर के साथ पूर्ति निरीक्षक दफ्तर पर पहुंची। जहां पर पूर्ति निरीक्षक नदारद मिले। भाजपा विधायक नगर की सीएचसी पर पहुंची। स्टाफ पंजिका का निरीक्षण किया। तब सीएचसी के केंद्र अधीक्षक डॉ. निहाल सिंह समेत कई स्टाफ नदारद मिला। विधायक ने औषधि कक्ष और महिला प्रसूता वार्ड का निरीक्षण किया। जहां पर सफाई व्यवस्था और प्रसूता के बेड के बिस्तर खराब मिले। जिस पर विधायक ने नाराजगी जताई। विधायक नगर पालिका परिषद पहुंची। उन्होंने ईओ से विकास कार्यों, सफाई उपकरणों की खरीद की सूची तलब की। इसके बाद उनकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने हाईवे पर इंटर लाकिंग की गुणवत्ता को लेकर खुदाई कराई। पार्क का निरीक्षण किया, इसके बाद मंडी समिति पहुंची। मंडी परिसर में निर्मित शौचालय का निरीक्षण किया। उसकी गुणवत्ता की जांच कराकर ठेकेदार पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। ब्लाक परिसर में कार्यवाहक बीडीओ नहीं मिले। इस दौरान भाजपा विधायक के पति दिलीप सिंह लोधी भी साथ रहे।
किसान बोला - साढ़े तीन साल से कहां गायब थीं विधायक
मिलक। भाजपा विधायक राजबाला के निरीक्षण के दौरान क्रमचा के एक ग्रामीण ने विधायक को निशाने पर लिया। उसका कहना था वोट लेकर साढ़े तीन साल गायब हैं और विकास थमे हुए हैं।
सीएचसी के सामने पार्क का सोमवार को भाजपा विधायक निरीक्षण कर रही थीं और वहां पर लगी इंटरलॉकिंग की खुदाई करा रही थीं। इस बीच क्रमचा गांव निवासी सरदार हरविंदर सिंह ने विधायक पर विकास कार्यों को लेकर सवाल खडे़ किए। उनका कहना था कि जहां पर काम हुए हैं, वहां पर ईंट उखड़वाने का दिखावा हो रहा है। अब तक ये वोट लेकर क्षेत्र को भूली बैठीं हैं और क्रमचा के आसपास सड़कें जर्जर हैं। जिस पर विधायक का कहना था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थीं। तब ग्रामीण का कहना था कि हम क्यों बताएं। हमने विधायक जनता की सेवा करने के लिए चुना है और वह साढे़ तीन साल गायब हैं। विकास नहीं हुआ है। तब पुलिस ग्रामीण को चुप कराने में जुट गई। फिर भी ग्रामीण अपनी बात पूरी होने तक टीस निकालता रहा।