रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री और राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हर जरूरतमंद की आंखों में खुशी और जिंदगी में खुशहाली ही मोदी मिशन है। उन्होंने यह बात दिव्यांगजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में 1545 दिव्यांग और वरिष्ठ जनों को 3079 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
एडिप एवं वयोश्री योजना के तहत हुए कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं उपनेता राज्यसभा मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री ए नारायण स्वामी, प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पैक्सफेड के सभापति सूर्यप्रकाश पाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त और जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी ने दीप प्रज्ज्वलन से किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि दिव्यांगों के लिए सरकार हर संभव कार्य कर रही है। उनकी दिव्यांगता के कारण समस्याओं को कम करने के लिए सरकार की यह योजना उन्हें सहायक उपकरण प्रदान कर समाज की मूल धारा से जोड़ने और सामान्य जीवन जीने के लिए सहायक साबित हो रही है। नकवी ने कहा कि हर जरूरतमंद की आंख में खुशी और जिंदगी में खुशहाली ही मोदी मिशन है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री ए नारायण स्वामी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग की उन्नति के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कराया जा रहा है। सरकार दिव्यागजनों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने पैरा ओलंपिक में देश की दिव्यांग प्रतिभा के बेहतर प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार पैरा ओलंपिक में दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जनपद में दिव्यांगों के लिए सहायक उपकरण वितरण के लिए एलिम्को द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से निसंदेह दिव्यागजनों को काफी मदद मिल रही है। प्रशासन सरकार की हर योजना का लाभ पात्रता के आधार पर लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
शिविर में एलिम्को द्वारा 1545 चिह्नित लाभार्थियों को लगभग रुपये 1 करोड़ 51 लाख 93 हजार रुपये के 3079 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान सीडीओ गजल भारद्वाज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मनीष मीणा, महाप्रबंधक एलिम्को पीके दुबे, एडीएम प्रशासन जेपी गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिरण अधिकारी जीशान मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता आदि मौजूद रहे।