भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में बिजली विभाग में कार्यरत एक महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया। महिला मंच पर चढ़ गई और भाजपा के नगर महामंत्री पर बदसलूकी व अन्य आरोप लगाकर थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए, कपड़े फाड़ डाले।
जिससे मंच से कार्यक्रम स्थल तक पर अफरा-तफरी मच गई। भाजपाइयों ने नेता को बचाने की कोशिश शुरू कर दी लेकिन, महिला ने नेता का पीछा नहीं छोड़ा और उसे देर तक खींचतान कर पीटती रही। पुलिस और भाजपाइयों ने नेता को छुड़ाया भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने महिला कर्मचारी व बेटे समेत तीन के खिलाफ लूट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
सोमवार को नगर के उत्सव पैलेस में चल रहा भाजपा का कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन अखाड़ा बन गया। बिजली विभाग में चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत ममता सिंह ने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के संबोधन के बाद मंच पर चढ़कर भाजपा के नगर महामंत्री राजू सुमन पर थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। केंद्रीय मंत्री ने कुछ मिनट पहले ही अपनी प्रेस कांफ्रेंस शुरू की थी लेकिन, जब तक वह कुछ कह पाते तब तक ममता सिंह और उसके बेटे द्वारा राजू सुमन पर हमला करने से मंच पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ताओं ने बामुश्किल राजू सुमन को ममता सिंह व उसके बेटे से छुड़ाया।