रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को दो स्थानों पर पोषण अभियान के तहत कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषाहार किट, बच्चों को पुस्तकें बांटी। शिशुओं का अन्न प्रासन कराया और पौधरोपण भी किया। साथ ही 37 गरीब लाभार्थियों को कांशीराम आवास का आवंटन पत्र भी सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता और स्वास्थ्य सजगता अब सामाजिक अभियान और आदत बन गए हैं।
नकवी ने कहा कि आज पोषण अभियान दफ्तरों और दीवारों से निकल कर लोगों के घर-आंगन का हिस्सा बन गया है। अब लोग पोषण के महत्व और जरूरत को समझ रहे हैं, स्वीकार कर परिवार को तंदुरुस्त बना रहे हैं। कहा कि हमारे लिए चिंता और शर्म की बात है कि आजादी के 75 वर्षों के बाद भी कुपोषण से समाज प्रभावित हो। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य और स्वच्छता को कुपोषण मुक्त समाज बनाने के लिए प्राथमिकता दी है।
कहा कि तंदुरुस्ती हमारा खजाना है सिर्फ कहावत तक रह गया था, सरकारों के लिए भी कभी प्राथमिकता नहीं रहा। आज तंदरुस्त बच्चा, नए भारत की शान का अभियान बन गया है। नकवी ने पिछले सात साल में स्वास्थ्य, पेयजल आपूर्ति व संरक्षण के क्षेत्र में हुए कार्यों को भी गिनाया और मिशन इंद्रधनुष के तहत हो रहे टीकाकरण के लाभ बताए।
मडै़या उदयराज संविलयन विद्यालय में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पोषण वाटिका का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के बच्चों को पुस्तकें और गर्भवती महिलाओं को पोषाहार किट वितरित की। शिशुओं का अन्नप्रासन कराया और पौधरोपण भी किया। इसके बाद बरेली हाईवे किनारे स्थित एक बरातघर में आयोजित सुपोषित रामपुर-एक पहल कार्यक्रम में शामिल हुए। जिसमें नकवी ने कांशीराम आवास योजना के अंतर्गत 37 लाभार्थियों को आवंटन पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही 10 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, 05 बच्चों का अन्नप्रासन, 10 किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट, 10 चिह्नित अतिकुपोषित बच्चों को रामपुर कृषक एफपीओ द्वारा तैयार पोषण किट का वितरण किया। पोषण पुनर्वास केंद्र से स्वस्थ होने वाले बच्चों के माता पिता को को सम्मानित किया गया। कुपोषण के विरुद्ध लड़ाई में बेहतर कार्य करने वाली 05 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 02 सहायिका, 01 मुख्य सेविका और एक सीडीपीओ को भी प्रशस्ति पत्र देकर हौसला अफजाई की।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री जल शक्ति विभाग बलदेव सिंह औलख ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार आमजन के स्वास्थ्य के प्रति बेहद संवेदनशील है। सरकार द्वारा हर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही है।मिलक से भाजपा राजबाला ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कुपोषण को रोकने के लिए बेहतर रूपरेखा तैयार की गई है। जिससे जनपद बहुत ही जल्द कुपोषण मुक्त हो जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि कुपोषण को रोकने के लिए जनपद में सार्वजनिक क्षेत्रों के साथ-साथ निजी क्षेत्रों के लोगों की भी भागीदारी सुनिश्चित कराई जा रही है। साथ ही स्थानीय पौष्टिक उत्पादों का किट में समावेश कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में सीडीओ गजल भारद्वाज, एसपी अंकित मित्तल, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पेक्सफैड चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।