रामपुर। नो हेलमेट, नो फ्यूल का आदेश पहले ही दिन शुक्रवार को धड़ाम हो गया। शहर के किसी भी पंप पर प्रशासन के आदेश का पालन होता नजर नहीं आया। पंपकर्मी आराम से बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देते नजर आए।
सड़क सुरक्षा माह के तहत यूपी सरकार ने नो हेलमेट,नो फ्यूल का आदेश जारी किया था। शासन ने इसको लेकर प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश जारी करते हुए इन आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश दिए हैं। इस आदेश का मकसद यह है कि दोपहिया वाहन चालक सड़क पर बिना हेलमेट के न चलें। इससे दुर्घटनाएं भी कम हो सकें। इन आदेशों का पालन कराने के लिए डीएम ने बृहस्पतिवार को जिले के सभी पंप संचालकों के साथ ही सभी अफसरों के साथ मंथन किया था।
इस दौरान डीएम ने पंप संचालकों को आदेश जारी किया था कि किसी भी दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के ईंधन न देने के आदेश दिए हैं। इस आदेश की शुक्रवार को पड़ताल की गई तो शहर के हर पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के ही पेट्रोल मिलता हुआ पाया गया। यहां तक की डीएम आवास के सामने ही स्थित पंपों पर भी बिना हेलमेट के पेट्रोल मिलता हुआ पाया गया।
इसी तरह हाईवे के पंपों के साथ ही नैनीताल रोड, शाहबाद रोड के साथ ही स्वार रोड पर स्थित पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को तेल दिया जाता रहा। बैठक के दौरान अफसरों ने बड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी,लेकिन उनके दावे शुक्रवार को हवाई साबित होते हुए नजर आए।
जागरूकता के साथ चलेगा अभियान
नो हेलमेट, नो फ्यूल को लेकर परिवहन विभाग को जागरूकता अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा इस आदेश के प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए भी परिवहन विभाग की ओर से अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर डीएम ने भी आदेश जारी कर दिया है।
- सभी पंप संचालकों को आदेश जारी किए गए हैं कि नो हेलमेट, नो फ्यूल के आदेश का कड़ाई से पालन किया जाए। यदि कोई लापरवाही की गई तो कार्रवाई की जाएगी। -पूरन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी