अहरो-शीशगढ़ मार्ग पर दुर्घटना, चालक वाहन छोड़कर मौके से भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार उषा देवी (48) निवासी ग्राम करसोली थाना खजुरिया की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम करसौली निवासी जगदीश की पत्नी उषा देवी सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपने पुत्र रवि के साथ बाइक से सीमावर्ती बरेली जिले के कस्बा शीशगढ़ जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अहरो-शीशगढ़ रोड पर अहरो गांव स्थित पशु चिकित्सालय के पास सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। परिजन घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उषा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खजुरिया थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि वह सीएचसी पहुंच रहे हैं। मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।