रामपुर। ससुराल से घर वापस जा रहे एक बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन चालक ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कोसी पुल के पास मंगलवार की रात टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
मुरादाबाद के भोजपुर निवासी सुनील कुमार(30) मुरादाबाद में एक गैस के गोदाम पर वाहन चालक का कार्य करते थे। रविवार को सुनील कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ शहजादनगर थाना क्षेत्र के कमोरा गांव आए थे। रविवार को कमोरा में सुनील की साली की सगाई के कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए सुनील आए थे। मंगलवार रात को सुनील कुमार बच्चों और पत्नी को ससुराल में छोड़कर अपने घर भोजपुर बाइक से जा रहे थे। रास्ते में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कोसी पुल के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को हादसे की सूचना दी। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। आननफानन परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। तहरीर नहीं आई है। आने पर कार्रवाई की जाएगी।