मिलक। क्षेत्र में छुट्टा गोवंशीय पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क पर झुंड के रूप में घूमने वाले पशुओं के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार दोपहर खाता नगरिया गांव के पास सड़क पर दौड़ रहे छुट्टा पशुओं के झुंड से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए।
मिलक क्षेत्र के गांव रजपुरा निवासी हरिओम शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी पत्नी धनवती के साथ बाइक से बरेली के शाही स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। बताया गया कि खाता नगरिया गांव के पास अचानक सड़क पर दौड़ रहे छुट्टा पशुओं के झुंड से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगने से हरिओम और उनकी पत्नी धनवती सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को मिलक के सरकारी अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अभियान चलाकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।