बारातियों से भरी तेजरफ्तार बेकाबू बस ने साइकिल सवार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक सहित बाराती बस से कूद कर भाग गये। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा काट बस में जमकर तोड़फोड़ की और शव मार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक परिजनों सहित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नही माने। दो घंटे बाद पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों सहित ग्रामीणों को शांत कराया। और शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला चिकित्सालय भिजवाया।
रविवार की देर शाम तहसील क्षेत्र के सांसद नैपाल सिंह द्वारा गोद लिये गये गांव हरदासपुर कोठरा निवासी 40 वर्षीय मजदूर आसे राम पुत्र जानकी गांव अजीमनगर से मजदूरी के पैसे लेकर साइकिल से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही उसने स्वार रामपुर मार्ग पार किया तभी रामपुर की दिशा से तेज गति से आ रही बारातियों से भरी बस ने बेकाबू होते हुई उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसे देख चालक सहित बस में सवार बाराती बस से कूद जंगल की ओर भाग खड़े हुए। जैसे ही सूचना मृतक युवक के परिजनों सहित ग्रामीणों को लगी तो वह भारी संख्या में मौके पर पहुंच गये और चीख पुकार शुरू हो गई। उत्तेजित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटते हुए बस में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्वार रामपुर मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
दुर्घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो कोतवाली व थाना अजीमनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। और हंगामा कर रहे मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह मौके पर अधिकारियों को बुलाने की मंाग पर अड़ गये। जिसके चलते दो घंटे मार्ग जाम के हवाले रहा। जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बस को कब्जे में कर कोतवाली भिजवाया। पुलिस ने जब शव को कब्जे में करना चाहा तो इस दौरान ग्रामीणों व पुलिस के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस
क्षेत्राधिकारी राधे श्याम व एसडीएम गजेंद्र कुमार ने ग्रामीणों सहित परिजनेां को शांत कराया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जें में कर पोस्टमार्टम के लिये जिला चिकित्सालय भिजवाया। समाचार भेजे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। कोतवाल सुनील शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बस को कब्जे में ले लिया गया है।