अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुसलमानों के एकमुश्त वोट के लिए गुप्त समझौता कर लिया है। कहा कि केंद्र सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में 21 अक्तूबर को अयोध्या कूच करेंगे।
डॉ. प्रवीण तोगड़िया बुधवार को रामपुर से होते हुए हल्द्वानी को गुजरे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सस्ता डीजल-पेट्रोल, सस्ती शिक्षा, किसान का कर्जमाफ और युवा को रोजगार के वादे के साथ भाजपा ने सरकार बनाई थी लेकिन, कोई वादा पूरा नहीं हुआ। इसी के विरोध में 21 अक्तूबर को लखनऊ से अयोध्या को कूच करेंगे।
इसमें रामपुर से भी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के वोट के लिए नरेंद्र मोदी ने गुप्त समझौता किया है, इसीलिए साढ़े चार साल में एक बार भी रामलला के दर्शन को अयोध्या नहीं गए जबकि विभिन्न मस्जिदों में कई बार जा चुके हैं। स्वागत करने वालों में कपिल देव कोरी, गौरव सक्सेना, जुगल किशोर यादव, अमृत गौड़, मयंक शर्मा, नंदलाल, रवि कश्यप, राहुल सैनी, विवेक अग्रवाल, हेतराम, जितेंद्र गुमरा, मुकेश, राजबहादुर, रूपेंद्र, शिवम कश्यप मौजूद रहे।