बिलासपुर। नगर की मंडी से अपने घर बाइक से जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला प्रवक्ता निरपजीत सिंह ने तीन अज्ञात लोगों पर रास्ते में हथियारों के बल पर घेरकर बदसलूकी करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुकसौरा निवासी भाकियू टिकैत जिला प्रवक्ता निरपजीत सिंह जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल आदि किसानों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह को तहरीर देकर कहा कि वह मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे गल्ला मंडी से बाइक से अपने गांव भुकसौरा अकेले जा रहा थे। मुकरमपुर रोड पर पीछे से बाइक पर आ रहे तीन अज्ञात लोगों ने ओवरटेक करके हथियार दिखाते हुए उनकी बाइक को रोक लिया। उनका आरोप था कि तीनों लोगों ने धारदार हथियार व तमंचे दिखाकर उन्हें धमकाया। विरोध करने पर धक्का मुक्की करते हुए उनकी पगड़ी जमीन पर गिरा दी। इस बीच पीछे से बाइक पर आ रहे भाकियू तहसील अध्यक्ष प्यारा सिंह की बाइक की लाइट देखकर सभी आरोपी बाइक समेत रात के अंधेरे में फरार हो गए। उन्होंने एक व्यक्ति को पहचानते हुए सभी तीनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई करेंगे। इसके बाद पुलिस की एक टीम पीड़ित को लेकर घटनास्थल आदि स्थानों पर गई। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।