रामपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी की हद हो गई। यदि कहीं सरकारी गुंडागर्दी देखनी है, तो वह उत्तर प्रदेश में देख ले। ऐसे में उत्तर प्रदेश में अब राज्यपाल शासन लगना चाहिए। वह लखीमपुर खीरी जाते समय रामपुर में रुके और मीडिया से बातचीत के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हमारा विरोध सरकार है और उसी के विरोध में काले झंडे दिखाए। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि आप किसानों के ऊपर बुलडोजर चलवा दोगे। यह चीन नहीं है, जो किसानों के ऊपर ट्रक चढ़वा दोगे। उन्होंने कहा कि यह कोई हादसा नहीं है, बल्कि षड़यंत्र है। अब हम वहां जा रहे हैं और मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। हमसे कहा जा रहा है कि गांव के लोग आपके ऊपर पथराव कर सकते हैं। ऐसे में यदि कुछ ऐसा होता है तो उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। हम मौके पर जाएंगे और वहां देखेंगे। उन्होंने एक केंद्रीय मंत्री पर किसानों के विरोध में बयानबाजी करने का भी आरोप लगाया।