जहां बेटी को विदा करने की तैयारी हो रही थी, वहीं इकलौते बेटे की मौत ने सब कुछ उजाड़ दिया। बेटी की डोली को उठाने के बजाए बेटे की अर्थी को कंधा देना पड़ा। जहां कल तक खुशियां थीं, वहां आज गम और आंसुओं का सैलाब था। कपड़ा व्यापारी के इकलौते बेटे की गोली लगने से हुई मौत के बाद उसके परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट गया है। जिसने भी सुना वह व्यापारी के घर दुख जताने पहुंच गया।
बताते चलें कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांधी समाधि के निकट बनी कालोनी निवासी कपड़ा व्यापारी राजीव गुप्ता की बेटी मेघना की शादी शुक्रवार को मुरादाबाद के कांठ रोड निवासी रवीश गुप्ता के बेटे पुलक गुप्ता से थी। कार्यक्रम मुरादाबाद के होटल ड्राइव इन में था। बारात दरवाजे पर पहुंचने के बाद खुशी में की गई फायरिंग में कपड़ा व्यापारी के बेटे ऋषभ गुप्ता, जोकि नोएडा में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रहा है, की मौत हो गई थी।
घटना उस वक्त हुई थी जब ऋषभ अपने जीजा पुलक को बग्गी से उतार रहा था। घटना के बाद बारात में मातम पसर गया। देर रात ही आनन-फानन में ऋषभ के शव का पोस्टमार्टम मुरादाबाद में ही कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को तड़के रामपुर लाया गया, जहां ऋषभ का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना के बाद शादी का मंडप सूना हो गया।
रात में ही दुल्हन को वापस रामपुर लाया गया था। जिस वक्त ऋषभ की अंतिम यात्रा निकली उस वक्त कपड़ा व्यापारी का मकान शादी के लिए सजा हुआ था। कपड़ा व्यापारी का रो रोकर बुरा हाल है। मेघना भी भाई की मौत से स्तब्ध नजर आ रही थी। नम आंखों के बीच ऋषभ का अंतिम संस्कार कर दिया गया।