चुनावी नतीजे आने से पहले ही अब राजनीतिक दलों ने पार्टी के साथ भीतरघात करने के आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बिलासपुर सीट से समाजवादी-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी संजय कपूर का चुनाव न लड़ाने पर समाजवादी पार्टी ने होमगार्ड विभाग की सलाहकार एवं पूर्व विधायक बीना भारद्वाज को ही पार्टी से बाहर कर दिया है। उन पर चुनाव में पार्टी विरोधी काम करने का आरोप लगाया है। इस कार्रवाई से खलबली मच गई है।
चुनावी नतीजे भले ही 11 मार्च को आएंगे,लेकिन चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी कार्य करने वाले नेताओं पर शिकंजा कसना शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी ने पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप में सबसे पहले मिलक-बिलासपुर सीट से विधायक रह चुकी बीना भारद्वाज निशाने पर आ गई हैं। मिलक बिलासपुर सीट फिलहाल अब अलग हो गई है। सपा-कांग्रेस का बिलासपुर सीट पर गठबंधन हो चुका है। इस सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में विधायक संजय कपूर को मैदान में उतारा है।
चुनाव संपन्न हो चुका है और अब 11 मार्च को मतगणना होनी है। 11 मार्च को होेने वाली मतगणना से पहले ही समाजवादी पार्टी ने पूर्व विधायक बीना भारद्वाज को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार के मुताबिक बीना भारद्वाज ने गठबंधन के तहत कोई चुनाव नहीं लड़ाया। सूचनाओं के मुताबिक बीना भारद्वाज ने प्रत्याशी संजय कपूर के खिलाफ कार्य किया और पार्टी की नीतियों के खिलाफ काम किया है। जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भी उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में कार्य करने का आरोप लगाया गया है। जिलाध्यक्ष ने इन आरोपों के चलते पूर्व विधायक को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है।