रामपुर। जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के साथ ही भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात तब और बिगड़ गए जब बीते 24 घंटे के भीतर 15 से 20 बार बिजली कटौती होने लगी। बार-बार ट्रिपिंग और लंबे पावर कट से उपभोक्ता परेशान हैं। दिन में तेज धूप और रात में उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है। गर्मी में लोग दिन में घर से नहीं निकल पा रहे हैं। इसके साथ बाजार में भी लोगों की आवाजाही न के बराबर देखने को मिली। इसके अलावा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की अनियमितता से पेयजल संकट भी गहरा गया है। इन्वर्टर जवाब दे रहे हैं और छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि बिजली कटौती से उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से तत्काल सुधार की मांग की है। बिलासपुर गेट निवासी फाहद खां का कहना है कि गर्मी के इस चरम समय में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। एसडीओ एमबी सिंह ने बताया कि दिन में चीनी मांझे से लाइनों में फॉल्ट हो जाते हैं, इसके अलावा गर्मी के कारण लाइनों के जंपर भी जल रहे हैं, जिन्हें तुरंत सही करा दिया जाता है।
-
गर्मी से बचाव के उपाय
दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें
पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें
हल्के और सूती कपड़े पहनें
धूप में निकलते समय सिर ढकें
ओआरएस, नींबू पानी, छाछ का सेवन करें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें