रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब भाजपा कार्यालय के पास रखे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। तेज चिंगारी के साथ उठीं आग की लपटों ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। हालांकि, आग लगने के कारण ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के पीछे ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद लक्ष्मी नगर सहित आसपास की कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति दिनभर बाधित रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को बिजली न होने के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।