उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने के लिए प्रशांत किशोर (पीके) की योजना पर अमल शुरू हो गया है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से 20-20 होलटाइमर कार्यकर्ताओं की सूची और टेलीफोन नंबर मांगा गया है। सभी जिलाध्यक्षों से ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची 31 मार्च तक भेज देने के लिए कहा गया है। रामपुर के भी पांचों विधानसभा क्षेत्रों से सूची मांगी गई है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने सूची तैयार कर ली है।
गौरतलब है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान नरेंद्र मोदी और 2015 के बिहार विधानसभा चुनावों में नितीश कुमार के चुनावी सलाहकार रहे प्रशांत किशोर ने 2017 के यूपी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने योजना पर काम शुरू कर दिया। प्रशांत किशोर के सहारे कांग्रेस ने 2017 के विस चुनावों में 100 सीटें जीतने का सपना संजोया है। प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करके 31 मार्च तक हर विधानसभा क्षेत्र से 20 होलटाइमर कार्यकर्ताओं की सूची, टेलीफोन नंबर देने को कहा है।
रामपुर में भी ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह बिट्टू ने बताया कि चार विधानसभा क्षेत्र की सूची तैयार हो गई है, पांचवीं भी गुरुवार तक तैयार हो जाएगी। इसके बाद इसे प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया जाएगा। प्रशांत किशोर की सलाह पर कांग्रेसी एक से पंद्रह अप्रैल तक हर जिले में संपर्क यात्रा शुरू करने वाले हैं। इस दौरान यूपीए सरकार की मनरेगा और खाद्य सुरक्षा कानून जैसी उपलब्धियों की याद दिलाई जाएगी। बिट्टू का कहना है कि संपर्क यात्रा में रामपुर का नंबर तीसरे चरण में आएगा।