दो नामजद समेत पांच के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। कस्बे के मोहल्ला मंगोली निवासी ट्रक स्वामी रामबहादुर ने कोर्ट के आदेश पर एक बैंक के दो कर्मचारियों समेत पांच के खिलाफ अवैध वसूली और जबरन ट्रक छीनने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तहरीर के अनुसार, ट्रक बैंक से फाइनेंस पर है और वह ट्रक चलाकर नियमित किस्त जमा कर रहा था। आरोप है कि बैंक के कर्मचारी हरिओम और नितिन पीड़ित से दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। एक अप्रैल 2025 को बैंक के नितिन, हरिओम और अज्ञात कर्मचारियों ने ट्रक जबरन छीन लिया था। जब पीड़ित अपना ट्रक लेने पहुंचा तो पांच लाख रुपये व यार्ड खर्च करीब 50 हजार रुपये की मांग की थी। जब पीड़ित ने मांगी गई रकम और यार्ड खर्च का विरोध किया तो कर्मचारियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की तो पीड़ित कोर्ट पहुंचा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की।