रविवार का दिन पब्लिक के लिए भारी रहा। बैंकों पर ताले लटके रहे और एटीएम भी चालू नहीं थे। रुपये निकलने के लिए लोगों को एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक दौड़ लगानी पड़ी, लेकिन हर जगह उनको मायूसी ही मिली। जिसको लेकर पब्लिक में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। वहीं, शहर के कुछ डिपार्टमेंटल स्टोर में प्लास्टिक मनी से जमकर खरीदारी की जा रही है।
नोटबंदी के बाद हर वर्ग पर इसका असर हुआ है। आम लोग इससे कुछ ज्यादा ही प्रभावित हुए हैं। नोटबंदी के 25 दिन गुजर चुके हैं। मगर, लोगों को राहत नहीं मिल रही है। बैंकों पर हर रोज लगने वाली कतार कम होती नहीं दिख रही हैं। घोषणाएं तमाम हो चुकी हैं, लेकिन पब्लिक को कहीं भी राहत नहीं है, जिससे हालात लगातार नाजुक होते जा रहे हैं। रविवार को भी लोगों को कैश नहीं मिला।
बैंकों में ताले लगे रहे। एटीएम भी चालू नहीं थे। रुपया निकालने के लिए भी लोग कभी इस एटीएम पर तो कभी उस एटीएम पर दौड़ लगा रहे थे। मगर, किसी भी एटीएम से कैश नहीं मिला। सभी के चेहरों पर मायूसी थी। साथ ही लोगों में गुस्सा भी झलक रहा था।