मसवासी। बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा मसवासी रहमतगंज के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, कैशियर व अन्य के विरुद्ध 11 खाताधारकों ने कुल 4.75 करोड़ रुपये उनके नाम पर लोन लेकर निकाल लेने की एसपी से शिकायत की है। पीड़ितों ने कहा है कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने उनके खाताधारकों के नाम लोन कर धनराशि निकाल ली है। अब उनके नाम बैंक से रिकवरी के लिए नोटिस आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी तरह के प्रकरण में संबंधित आरोपी शाखा प्रबंधक व अन्य कर्मियों पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हुए थे। जिस पर आरोपियों के विरुद्ध बैंक स्तर से कार्रवाई भी हो चुकी है।
एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया गया है कि खाता धारक मोहम्मद इलियास के खाते से 45 लाख रुपये, जुबेर के खाते से 70 लाख, मुशर्रफ के खाते से 55 लाख, मोहम्मद हसन के खाते से 25 लाख, फैजान अली के खाते से 70 लाख रुपये लोन कर निकाले गए हैं। इसी तरह मोहम्मद जुबेर, अनीस, रमेश, सुनील, दानिश, नीरज कुमार के खाते से 35-35 लाख बैंक अधिकारियों ने निकाल लिए हैं। इस तरह खाताधारकों के खातों से कुल 4.75 करोड़ रुपये लोन कर निकाले गए हैं।
आरोप है कि यह धनराशि खाताधारकों को बिना जानकारी दिए उनके आधार व पैन कार्ड लगाकर फर्जी तौर से लोन कर निकाली गई है। अब उनके पास रिकवरी के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। एसपी से शिकायत करने वालों में रजपुरा के नीरज, पठानों वाला माजरा के जुबेर खां, रतनपुर के इलियास, स्वार के मोहल्ला नौगजा के मुशर्रफ अली व फैजान अली, मानपुर के मो. हसन, खौदकला के मो. जुबैर और उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर के अनीस, रमेश पुत्र बाबूलाल, सुनील पुत्र जीवनदास एवं दानिश भी हैं। इन पीड़ितों ने एसपी को बताया है कि बैंक में उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। कई बार थाने भर गए, वहां से भी कुछ राहत नहीं मिली है।
स्वार थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी शाखा प्रबंधक रोहित दाहिया के विरुद्ध इसी तरह के फर्जीवाड़े में कुल चार एफआईआर पहले से ही दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी फरार चल रहे हैं। साइबर सेल से विवेचना चल रही है।