नगर के बीचोबीच से गुजरने वाले बाजपुर-नैनीताल मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास निर्माणाधीन पुलिया और अतिक्रमण की वजह से सुबह करीब नौ बजे जाम लगना शुरू हो गया। एक के पीछे एक वाहनों की कतार लग गई। शाम चार बजे तक मार्ग पर वाहन रेंगते हुए गुजरे जिसकी वजह से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाजपुर-नैनीताल मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास पुलिया का निर्माण काफी समय से कराया जा रहा है। जिसकी वजह से वाहन एक लेन से गुजारे जा रहे हैं। सुबह करीब नौ बजे मार्ग के किनारे ठेलों और फड़ों के लगने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
धीरे-धीरे हालात खराब होने लगे तथा मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाजपुर तथा मुरादाबाद की ओर सड़क पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण लोग मोहल्ला भब्बलपुरी से मोती नगर, नवाबपुरा से होते हुए नगर पालिका की पुलिया से निकलना प्रारम्भ हो गए। लेकिन वाहनों के अधिक आवागमन हो जाने के कारण वैकल्पिक मार्ग भी ठप हो गया। शाम करीब चार बजे वाहनों का दबाव कम होने पर ही जाम पूरी तरह से खुल पाया। इस दौरान वाहन मार्ग पर रेंगते रहे। जाम के चलते स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।