चंडीगढ़ कोर्ट, हाईकोर्ट, अदालत, न्यायालय
- फोटो : file photo
शहर सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी डा.तनवीर और उनके भाई को लोअर कोर्ट ने राहत नहीं दी है। तनवीर की जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है, वह सेशन कोर्ट पहुंच गए हैं, जबकि उनके भाई डा. महमूद की जमानत याचिका सोमवार को खारिज हो गई। महमूद भी अब सेशन कोर्ट जाने की तैयारी में हैं।
बसपा नेता डा. तनवीर के भाई डा. महमूद की गिरफ्तारी के बाद शनिवार की रात जमकर बवाल हुआ था। डा.तनवीर के खिलाफ मदरसा कोहना कब्रिस्तान की जमीन खोदने के मामले में एफआईआर दर्ज की थी। लेकिन पुलिस डा. तनवीर के बजाय उनके भाई डा. महमूद को गिरफ्तार कर ले गई थी, जिसके बाद बवाल हो गया था।
इस दौरान कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा किया गया था। हंगामे के बीच ही पुलिस ने डा. तनवीर को भी गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने डा. तनवीर और उनके भाई के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज करते हुए जेल भेज दिया था। रविवार को लोअर कोर्ट ने जानलेवा हमले के मामले डा. तनवीर अहमद की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
इसके बाद तनवीर सोमवार को सेशन कोर्ट पहुंच गए, जहां उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में जमानत याचिका दायर करते हुए शीघ्र सुनवाई की मांग रखी। कोर्ट ने इस मामले में शीघ्र सुनवाई का प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए मंगलवार की तारीख को निश्चित किया है। दूसरी ओर इस मामले में डा. महमूद की जमानत याचिका निचली अदालत ने खारिज कर दी। डा. महमूद भी सेशन कोर्ट में पहुंचने की तैयारी में हैं।