युवक को जलाकर मारने का है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक। हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसपर एक युवक को जलाकर मारने का आरोप है।
तीन अक्तूबर को सैंडोली गांव निवासी महिला आशा ने गंभीर रूप से झुलसे अपने पुत्र ललित को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। उसने गांव के ही बाबा वीरेंद्र पर पुत्र को जलाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। उसने पुलिस को बताया कि गांव स्थित काली मंदिर पर उसका 20 वर्षीय पुत्र ललित प्रतिदिन पूजा करने जाता था।
मंदिर का बाबा वीरेंद्र उसके पुत्र के साथ मारपीट करते हुए उसे गालियां देता था। तीन अक्तूबर की सुबह दस बजे उसका पुत्र मंदिर गया। वह झोपड़ी में आराम कर रहा था। आरोप लगाया कि बाबा ने पेट्रोल डालकर जान से मारने की नीयत से आग लगा दी। उसका पुत्र बुरी तरह झुलस गया। जिला अस्पताल में कुछ दिन के उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया।
दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। दो माह तक युवक दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती रहा। बीते नौ दिसंबर की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
प्राथमिकी दर्ज किए जाने के दिन से ही आरोपी फरार चल रहा था। काफी समय से पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। पुलिस की टीम बाबा को ढूंढने में लगी हुई थी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी बाबा वीरेंद्र को हरैया गांव के शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसका मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया।