आजम खां का रामपुर पब्लिक स्कूल (गर्ल्स विंग) बंद होने के बाद अब स्कूल की छात्राओं को शिक्षा विभाग उनके मनचाहे स्कूल में प्रवेश दिलाएगा। अभिभावकों की आपत्ति के बाद शिक्षा विभाग की ओर से पूर्व में जारी 28 स्कूलों की सूची को अब वापस ले लिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि अब छात्राओं को उनके मनपसंद शहर के किसी भी स्कूल में प्रवेश दिलाया जाएगा। इसके लिए विभाग हर मदद को तैयार है।रामपुर पब्लिक स्कूल (गर्ल्स विंग) में कक्षा एक से आठ तक की 565 छात्राएं पढ़ती थीं।
जौहर ट्रस्ट को माध्यमिक शिक्षा विभाग की जमीन लीज पर जौहर यूनिवर्सिटी के कार्यालय के संचालन के लिए दी गई थी। लीज की शर्तों में इस बात का उल्लेख था कि आवंटन के एक साल के अंदर इस जमीन पर यूनिवर्सिटी के संचालन के लिए निर्माण कराया जाएगा, लेकिन ट्रस्ट के अध्यक्ष आजम खान ने यहां पर सपा कार्यालय शुरू कर दिया। बाद में इस पर आरपीएस गर्ल्स विंग का संचालन शुरू किया तो खाली जमीन पर नया सपा कार्यालय बना लिया।