सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के जौहर ट्रस्ट को दी गई जमीन की लीज को यूपी सरकार ने लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर निरस्त कर चुका है। इस फैसले के बाद प्रशासन जौहर ट्रस्ट की ओर से जौहर शोध संस्थान में संचालित रामपुर पब्लिक स्कूल को खाली करा चुका है। इसके बाद स्कूल में पढ़ने वाले 1500 बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे थे।
रामपुर पब्लिक स्कूल (गर्ल्स विंग) में पढ़ने वाली छात्राओं को यतीमखाना में स्थित रामपुर पब्लिक स्कूल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया है। स्कूल खाली होने के बाद से इसमें पढ़ने वाली 565 छात्राओं की पढ़ाई को लेकर अभिभावकों में चिंता पैदा हो गई थी। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इन छात्राओं के अन्य स्कूल में दाखिले की कवायद जरूर हुई मगर यह सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गई।
किसी भी अभिभावक ने अपने बच्चे का दाखिला शहर के अन्य स्कूलों में नहीं कराया। इधर, रामपुर पब्लिक स्कूल प्रशासन ने अपने निर्माणाधीन भवन में बच्चों की कक्षाएं संचालित करनी शुरू कर दी थीं। छात्राएं यहां पर नियमित रूप से पढ़ाई कर रही हैं।