सपा नेता आजम खां और उनके परिवार के सदस्य रात ठीक से सो नहीं पाए। आयकर विभाग के अधिकारी घर के अंदर डेरा जमाए हुए थे तो बाहर एसएसबी के जवान तैनात थे। मोबाइल फोन भी आयकर अधिकारियों के कब्जे में थे, ऐसे में किसी से संपर्क भी नहीं हो पा रहा था। बुधवार को काम वाली भी आजम खां के घर पर नहीं पहुंची। ऐसे में अब्दुल्ला के दोस्त आजम परिवार के लिए खाना लेकर आए।
आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान आजम खां ने ठीक से खाना भी नहीं खाया। आयकर अधिकारियों ने उनसे कहा खां साहब खाना तो खा लीजिए लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। आजम खां के अलावा डॉ. तजीन फात्मा भी खाना नहीं आया। अब्दुल्ला आजम माता-पिता की देखभाल करने में लगे रहे।
कार्रवाई की सूचना मिलने पर बुधवार को आजम खां के कुछ समर्थक उनके आवास पर पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने समर्थकों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर दी थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को आजम खां और नसीर खां के यहां पहुंचने वालों की संख्या कम रही।
बुधवार की रात में डेयरी से एक दूधवाला भी यहां पहुंचा,जिसको सुरक्षा बल के जवानों ने रोक लिया। पूछताछ के बाद उससे दूध ले लिया और फिर उसे वापस कर दिया। दूध वाला वापस चला गया। दूध आजम खां के घर के भीतर पहुंचा दिया गयाा।
बृहस्पतिवार को सपा नेता आजम खां के घर पर घरेलू काम करने वाले नौकर को टीम की अनुमति के बाद अंदर आने दिया गया। एसएसबी के जवानों ने उसका मोबाइल फोन रखवा लिया था। इसके बाद वह वहां दिन घर के अंदर ही रहा।
आयकर विभाग की टीम द्वारा की जा रही कई स्थानों पर छापेमारी के दौरान एक टीम छापेमारी के स्थल से दो महिलाओं को लेकर स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्य शाखा में भी पहुंची। सूत्रों के अनुसार बैंक अफसरों के सामने महिलाओं व उनके परिवार के खातों के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई। करीब डेढ़ घंटे तक यह टीम बैंक में रही। इस दौरान टीम ने काफी देर तक अफसरों से खातों के बारे में जानकारी ली।
आयकर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम को स्टेशनरी और प्रिटंर मंगवाए। यह व्यवस्था आयकर विभाग के स्थानीय दफ्तर से की गई थी। सूत्रों का कहना है कि स्टेशनरी काफी संख्या में थी, जिसे गाड़ी के जरिए लाया गया था।