प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि सरकारी जमीन बेचने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां भी सरकारी जमीन बेची गई है, जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कराया जाए। जिन लोगों ने धोखे में आकर जमीन खरीदी है, उनको उसकी कीमत वापस मिलनी चाहिए।
डूंगरपुर के मामले में उन्होंने कहा कि यहां भी बदमाशों ने सरकारी जमीन बेची है, मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। आजम खां रविवार को निरीक्षण भवन में कांशीराम कालोनी के आवासों के आवंटन-पत्र वितरित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये आवास कुछ माह पूर्व अपात्रों से खाली कराए गए थे। आवास गरीबों और जायज हकदारों को दिए गए हैं।
ऐसे 47 आवासों में 35 रविवार को आवंटित किए गए। उन्होंने आवंटन-पत्र हासिल करने वाले आवंटियों से कहा कि आवास मे खुद ही रहना, किसी और को मत देना। इस मौके पर डीएम राकेश कुमार सिंह, एसपी साधना गोस्वामी, सिटी मजिस्ट्रेट मदन सिंह गर्ब्याल, एसडीएम सदर अरविंद मिश्रा, नगर पालिका चेयरमैन अजहर अहमद खां, डीसीबी चेयरमैन सलीम कासिम, सपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार, अदीब आजम खां, गुड्डू मसूद, फसाहत अली खां रहे।