भारतीय जनता पार्टी के सपा सरकार विरोधी एक होर्डिंग पर कुछ सपा के लोगों ने जौहर यूनिवर्सिटी में होने वाले स्वास्थ्य शिविर जिसमें कैबिनेट मंत्री आजम खां की फोटो छपी थी वह फ्लैक्सी लगा दिया। इससे भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भड़क उठे। उन्होंने एलआईसी चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया और सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर सपाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि भाजपा के होर्डिंग को जानबूझकर शहर से गायब कराया जा रहा है।
सिविल लाइंस स्थित एलआईसी चौराहे पर एक निजी भूमि पर भाजपा का होर्डिंग लगा है, इस होर्डिंग पर प्रदेश की सपा सरकार विरोधी स्लोगन लिखे हुए हैं। आरोप है कि सपाइयों ने इस होर्डिंग के ऊपर जौहर यूनिविर्सिटी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की फ्लैक्सी लगा दी जिसमें कैबिनेट मंत्री आजम खां की फोटो लगी है। नीचे से होर्डिंग फटी हुई भी थी। इसको लेकर भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र गंगवार के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी भी पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और सपा विरोधी नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सिविल लाइन थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि सपा के कुछ लोग ऐसी हरकतें करते शहर का माहौल बिगाड़ना चाह रहे हैं। आरोप है कि नगर पालिका भी लगातार शहर में लगे भाजपा के होर्डिंग को चुन चुनकर उतरवा रही है, जबकि सपा के होर्डिंग नहीं उतारे जा रहे हैं।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र गंगवार, राजीव मांगलिक, प्रेमशंकर पांडे, दिलीप सक्सेना, भारतभूषण गुप्ता, राकेश मिश्रा, जागेश्वर दयाल दीक्षित, अशोक विश्नोई, मोहन लोधी, दिलीप लोधी, छत्रपाल यादव, अवधेश शर्मा, राजू शर्मा, रवि गंगवार, अनुज सक्सेना, पवन पाठक देवेंद्र सैनी आदि रहे। उधर, कोतवाल ने बताया भाजपा और सपा दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।